रांची:नामकुम–कांड्रा रेलवे लाइन परियोजना को शीघ्र शुरू कराने की मांग को लेकर उलगुलान मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ को ज्ञापन सौंपा। रांची के रंगामाटी स्थित निर्मल होटल में उलगुलान मोर्चा के अध्यक्ष मुकेश मुंडा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर परियोजना के निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने की मांग की।
परियोजना को लेकर रखी अपनी मांग
प्रतिनिधिमंडल ने सौंपे गए ज्ञापन में कहा कि नामकुम–कांड्रा रेलवे लाइन लंबे समय से क्षेत्र की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। परियोजना शुरू होने से रांची, बुंडू, तमाड़, सिल्ली, चांडिल और कांड्रा सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने के साथ व्यापार, रोजगार, औद्योगिक गतिविधियों और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। प्रतिनिधिमंडल ने परियोजना से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने की मांग की।
मंत्री ने सुनीं मांगें, उचित पहल का आश्वासन
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने ज्ञापन प्राप्त कर उनकी मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विषय पर आवश्यक स्तर पर उचित पहल करने का आश्वासन दिया। हालांकि परियोजना को लेकर किसी समय-सीमा या आधिकारिक घोषणा की जानकारी नहीं दी गई।
इस दौरान उलगुलान मोर्चा के अध्यक्ष मुकेश मुंडा, महासचिव लक्ष्मण मुंडा, विनय महतो, सुबोध मुखर्जी, प्रवीण जायसवाल, शिवा पंडित, किरण देवी, रेखा देवी सहित संगठन के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

















