रांची: रांची के बुंडू नगर पंचायत क्षेत्र में सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए दो सामुदायिक शौचालयों का शिलान्यास किया गया। शुक्रवार को नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र उरांव और उपाध्यक्ष रविंद्र उरांव ने दोनों योजनाओं की आधारशिला रखी। इस दौरान संबंधित वार्डों के पार्षद और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
दोनों सामुदायिक शौचालयों का निर्माण रानीचुआं और धुर्वा मोड़ स्थित टेंपू स्टैंड के पास कराया जाएगा। योजना के विवरण के अनुसार, रानीचुआं में पांच सीटों वाला शौचालय बनाया जाएगा, जबकि टेंपू स्टैंड के पास नौ सीटों वाले सामुदायिक शौचालय का निर्माण प्रस्तावित है। दोनों योजनाओं की कुल अनुमानित लागत 48 लाख 15 हजार 366 रुपये है।
जितेंद्र उरांव ने बताया, लोगों को मिलेगी सहूलियत
नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र उरांव ने कहा कि सामुदायिक शौचालयों के निर्माण से स्थानीय लोगों, राहगीरों और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। सार्वजनिक स्थानों पर शौचालय की उपलब्धता लोगों की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में मददगार होगी। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और लोगों की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास जारी रहेगा।
रविंद्र उरांव ने बताया, स्वच्छता को मिलेगा बढ़ावा
नगर पंचायत उपाध्यक्ष रविंद्र उरांव ने कहा कि सामुदायिक शौचालयों के निर्माण से लोगों को दैनिक जरूरतों के लिए सुविधा मिलेगी। सार्वजनिक स्थानों पर शौचालय उपलब्ध होने से स्वच्छता बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा।
दोनों योजनाओं का निर्माण पूरा होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों, राहगीरों और टेंपू स्टैंड आने-जाने वाले यात्रियों को सार्वजनिक शौचालय की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

















