अवैध बालू परिवहन पर प्रशासन सख्त, बुंडू में SDM-SDPO ने चलाया रातभर जांच अभियान

ग्रामीणों की शिकायत पर जिला प्रशासन की कार्रवाई, NH-33 पर बालू लदे वाहनों को रोककर चालान और खनन से जुड़े दस्तावेजों की हुई जांच

By
admin

रांची: बुंडू अनुमंडल क्षेत्र में अवैध बालू उत्खनन और परिवहन की शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात रांची-टाटा राष्ट्रीय मार्ग एनएच-33 पर विशेष जांच अभियान चलाया।

रांची-टाटा राष्ट्रीय मार्ग स्थित बुंडू सूर्य मंदिर के समीप चलाए गए औचक जांच अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी मोहनलाल मरांडी और एसडीपीओ ओम प्रकाश ने किया। अभियान के दौरान बालू लदे वाहनों को रोककर उनके चालान सहित खनन से संबंधित आवश्यक कागजातों की जांच की गई।

जांच अभियान में जिला खनन पदाधिकारी अबू हुसैन, अंचल अधिकारी हंस हेंब्रम एवं खनन विभाग के निरीक्षक पदम पोद्दार समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने बालू लदे वाहनों के परिचालन, चालान और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की वैधता की बारीकी से जांच की।

बताया गया कि बुंडू क्षेत्र में अवैध रूप से बालू के उत्खनन, भंडारण और परिवहन को लेकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से शिकायत की थी। शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने संबंधित विभागों और पुलिस के साथ संयुक्त जांच अभियान चलाया।

देर रात तक चले इस औचक अभियान से अवैध रूप से बालू का परिवहन करने वालों में हड़कंप मचा रहा। प्रशासन की संयुक्त टीम ने सड़क पर उतरकर वाहनों की जांच करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि खनिज संपदा के अवैध दोहन, भंडारण और परिवहन को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि खनन नियमों की अनदेखी करने वालों और अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध खनन और बालू परिवहन के खिलाफ जांच एवं कार्रवाई अभियान आगे भी जारी रहेगा।

जांच एवं छापामारी अभियान के दौरान बुंडू थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जयदीप टोप्पो, दशम फॉल थाना प्रभारी कुंदन कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद था। प्रशासन और पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन एवं बालू परिवहन में संलिप्त लोगों को सख्त संदेश गया है।

Share This Article
error:Content is protected !!