रांची: आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बुथवार को रांची के बुंडू नगर क्षेत्र में पुलिस-प्रशासन की ओर से संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ पर्व को आपसी भाईचारे और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों के अनुरूप मनाने का संदेश दिया गया।
फ्लैग मार्च में बुंडू अनुमंडल पदाधिकारी मोहन लाल मरांडी, एसडीपीओ ओम प्रकाश, अंचल अधिकारी, बुंडू थाना प्रभारी, तमाड़ थाना प्रभारी समेत पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे। यह मार्च नगर के विभिन्न चौक-चौराहों एवं प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों से शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
“सोशल मीडिया अफवाहों से बचें, शांति के साथ मनाएं पर्व” : मोहन लाल मरांडी
फ्लैग मार्च के दौरान बुंडू अनुमंडल पदाधिकारी मोहन लाल मरांडी ने कहा कि प्रशासन की ओर से लोगों को यह संदेश दिया जा रहा है कि बकरीद पर्व को शांति, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जाए। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बिना पुष्टि किसी भी सूचना पर विश्वास नहीं करें और न ही उसे साझा करें। साथ ही बकरीद में कुर्बानी प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप एवं पर्दे में की जाए, ताकि सामाजिक समरसता और आपसी सम्मान बना रहे।
“गाइडलाइन के अनुसार हो कुर्बानी, नियम उल्लंघन पर होगी कार्रवाई” : एसडीपीओ ओम प्रकाश
वहीं, बुंडू एसडीपीओ ओम प्रकाश ने कहा कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम लोगों को यह भरोसा दिलाना है कि पुलिस-प्रशासन उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। लोग शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से पर्व मनाएं, प्रशासन हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है।
उन्होंने कहा कि बकरीद के दौरान कुर्बानी सरकार एवं प्रशासन की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार ही की जाएगी। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी। यदि इस प्रकार की कोई सूचना प्राप्त होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एसडीपीओ ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस सतर्क है। असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। यदि कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने या अफवाह फैलाने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
बकरीद को लेकर निकाले गए इस फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस-प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि पर्व के दौरान क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।

















