रांची: रांची जिले के बुंडू नगर पंचायत क्षेत्र में बुधवार को विभिन्न विकास कार्य योजनाओं का शिलान्यास किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र उरांव, उपाध्यक्ष रविंद्र उरांव उर्फ लालू और वार्ड सदस्यों ने विधिवत नारियल फोड़कर योजनाओं की आधारशिला रखी।
करीब 50 लाख रुपये की लागत से नगर पंचायत क्षेत्र में आठ प्याऊ, धुर्वा मोड़ चौक पर नाली, दो पीसीसी पथ और वेंडर बाजार में शेड का निर्माण कराया जाएगा। इन योजनाओं के पूरा होने से स्थानीय लोगों को मूलभूत सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र उरांव ने कहा कि वार्डों में प्याऊ, पीसीसी सड़क और नाली निर्माण से नगरवासियों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि हर घर तक पानी पहुंचाना नगर पंचायत की प्राथमिकता है। आने वाले दिनों में कई अन्य विकास योजनाओं का भी शिलान्यास किया जाएगा।
वर्तमान में एक दिन छोड़कर हो रही जलापूर्ति को लेकर अध्यक्ष ने कहा कि बिजली कटौती के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इस समस्या के समाधान के लिए उलीडीह से कांची नदी तक सीधे बिजली फीडर निर्माण की दिशा में पहल की जाएगी, जिससे जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू किया जा सके।
मौके पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष रविंद्र उरांव उर्फ लालू, वार्ड सदस्य मंजू देवी, राधा देवी, नेपाल दास, धनंजय प्रमाणिक, बॉबी मछुआ, अधिकारी मतिउर रहमान, सिटी मैनेजर, जेई विनीता कुमारी समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

















